गुवाहाटी : भारतीय वायुसेना का एक एएन-32 विमान सोमवार को असम से उड़ान भरने के 35 मिनट बाद लापता हो गया। विमान में 13 लोग सवार थे और यह अरुणाचल प्रदेश की ओर जा रहा था।
विमान चीन से सटे अरुणाचल प्रदेश के मेचुका में एडवांस लैंडिंग ग्राउंड तक जा रहा था।
एक अधिकारी ने कहा कि एएन-32 ने जोरहाट से अपराह्न् 12.25 बजे उड़ान भरी था, लेकिन यह अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सका, जिससे वायुसेना को बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाना पड़ा।
विमान का अपराह्न् 1 बजे जमीनी एजेंसियों से संपर्क कट गया।
वायु सेना के अधिकारियों ने कहा कि विमान में कुल आठ चालक दल के सदस्य और पांच यात्री सवार हैं।
गुवाहाटी में रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल पी. खोंगसाई ने कहा कि लापता विमान को खोजने के प्रयास किए जा रहे हैं।